रामपुर में रुद्रपुर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक लाख रुपये की अवैध सागौन लकड़ी बरामद; तस्कर फरार, एफआईआर दर्ज, लकड़ी के स्रोत और तस्करी नेटवर्क की जांच तेज।

Share the news

रुद्रपुर। तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से करीब एक लाख रुपये मूल्य की सागौन (टीक) की अवैध लकड़ी बरामद की है। हालांकि वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले तस्कर मौके से फरार हो गए। मामले में वन विभाग ने संबंधित तस्कर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

 

वन विभाग के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन क्षेत्राधिकारी टांडा रूप नारायण गौतम के नेतृत्व में गठित टीम ने रामपुर जिले के स्वार क्षेत्र स्थित नन्हे के फड़ पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से सागौन प्रजाति के गिल्टे बरामद किए गए। बरामद लकड़ी को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए वन क्षेत्र कार्यालय पीपल पड़ाव लाया गया।

 

वन विभाग का कहना है कि बरामद सागौन की लकड़ी का अनुमानित बाजार मूल्य करीब एक लाख रुपये है। प्रारंभिक जांच में लकड़ी के अवैध रूप से काटे जाने की आशंका जताई गई है। अब वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि लकड़ी किस वन क्षेत्र से काटी गई और इसे किन लोगों के माध्यम से तस्करी कर लाया गया। जांच पूरी होने के बाद भारतीय वन अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

छापेमारी दल में वन क्षेत्राधिकारी पी.सी. जोशी, वन दारोगा सुरेंद्र सिंह, वन आरक्षी अनंगपाल, कैलाश सिंह, नरेंद्र कुशवाहा, दिनेश पाठक तथा वाहन चालक अंकित सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध वन कटान और लकड़ी तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *