रुद्रपुर। धनतेरस, दीपावली और भैयादूज पर बाजार में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। शहर को जाम से बचाने के लिए छह से 11 नवंबर तक सुबह सात बजे से रात दस बजे तक डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। इस दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में घर से निकलने से पहले वाहन चालक निर्धारित यातायात व्यवस्था जरूर देख लें।
पुलिस के मुताबिक, किच्छा रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग फ्लाईओवर, काशीपुर रोड के ऐमेनिटी स्कूल फ्लाईओवर, रामपुर बॉर्डर और नैनीताल रोड के पार्ले चौक से भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। भारी वाहनों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए रिंग रोड का इस्तेमाल करना होगा।
मुख्य बाजार में सफेद पट्टी के बाहर ठेली, सामान और वाहन खड़े करने पर प्रतिबंध रहेगा। बाजार के मध्य लगने वाली ठेलियों को अंबेडकर पार्क में जगह दी जाएगी। वहां स्थान कम पड़ने पर अग्रसेन चौक से बाटा चौक के बीच सड़क पर ठेलियां लगाई जाएंगी। बाजार आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इंदिरा चौक से आने वाले वाहन सिब्बल सिनेमा और सिंचाई विभाग की पार्किंग में खड़े होंगे। किच्छा बाईपास से आने वालों के लिए मोदी मैदान और झील के पास पार्किंग रहेगी। गाबा चौक व भूरारानी से आने वाले वाहन सिटी क्लब और गल्ला मंडी में खड़े होंगे। व्यापारियों और मुख्य बाजार से आने वालों के लिए गांधी पार्क निर्धारित किया गया है।
बाजार में बाटा चौक, अग्रसेन चौक, गुड़ मंडी, विधवानी मार्केट और गल्ला मंडी समेत प्रमुख रास्तों पर बैरियर लगाए जाएंगे। इस दौरान बाजार में ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नेशनल हाईवे पर पार्किंग और ठेली लगाने की भी अनुमति नहीं होगी।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि त्योहारी सीजन में बाजार में भीड़ और यातायात का दबाव बढ़ेगा। लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया है। सभी वाहन चालक नियमों का पालन करें।
