रुद्रपुर। जनपद में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अब कार्रवाई को और तेज करेगी। मंगलवार को पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और शाखा प्रभारियों के साथ अपराध एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के साथ अपराधियों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए।
बैठक से पहले एसएसपी ने सैनिक सम्मेलन लेकर पुलिसकर्मियों की विभागीय, व्यक्तिगत और पारिवारिक समस्याओं की जानकारी ली। समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसके बाद अपराध समीक्षा में थानों में दर्ज मामलों, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और लंबित विवेचनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।
एसएसपी ने डायल-112 पर मिलने वाली सूचनाओं पर तत्काल रिस्पॉन्स सुनिश्चित कर रिस्पॉन्स टाइम न्यूनतम करने को कहा। बीट अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने, महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और बाहरी व्यक्तियों व किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
साइबर अपराध को गंभीरता से लेते हुए MRM, GRM, JMIS, CRIMAC, CEIR और NATGRID जैसे पोर्टलों का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया गया। स्कूल-कॉलेज और आमजन के बीच साइबर ठगी से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
ऑपरेशन प्रहार और ऑपरेशन लगाम के तहत मादक पदार्थ व अवैध शराब की तस्करी पर सघन चेकिंग के साथ अपराधियों के बैकवर्ड और फारवर्ड लिंकेज खंगालने को कहा गया। सक्रिय अपराधियों के खिलाफ गुंडा, गैंगस्टर और पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई तथा हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा NBW/BW की शत-प्रतिशत तामील, यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती, सोशल मीडिया पर भ्रामक व आपत्तिजनक पोस्ट की निगरानी और मानसून के दौरान आपात सेवाओं को 24 घंटे अलर्ट रखने के निर्देश दिए गए। अगस्त में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 11 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
