स्पा सेंटर की आड़ में जिस्मफरोशी का बड़ा खुलासा, रुद्रपुर में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट का छापा, 3 गिरफ्तार, महिलाएं रेस्क्यू, आपत्तिजनक सामान और रजिस्टर बरामद

Share the news

निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में AHTU की टीम मंगलवार शाम गश्त व चेकिंग के दौरान आवास विकास तिराहे के पास पहुंची थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सन सिटी कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल पर स्थित “कोहिनूर स्पा सेंटर” में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर दो युवक भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विकास कुमार (22 वर्ष) और ओम विजय (28 वर्ष) के रूप में हुई। वहीं, काउंटर पर मौजूद स्पा संचालक हरीश साह (39 वर्ष) को भी हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान तीनों के पास से नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद हुआ।

स्पा सेंटर के अंदर बने कमरों की तलाशी लेने पर पुलिस को आपत्तिजनक सामग्री मिली, जिसमें कंडोम के पैकेट, इस्तेमाल किए गए कंडोम और एक ग्राहक रजिस्टर शामिल है। इसके अलावा तीन महिलाओं को भी मौके से रेस्क्यू किया गया, जिन्होंने पूछताछ में खुलासा किया कि उन्हें अतिरिक्त पैसे का लालच देकर देह व्यापार के लिए मजबूर किया जाता था। महिलाओं ने बताया कि संचालक हरीश साह और कर्मचारी विकास कुमार ग्राहकों को कंडोम देकर उनके पास भेजते थे।

पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर में मसाज की आड़ में लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धारा 143 भारतीय न्याय संहिता तथा अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन, एक ग्राहक एंट्री रजिस्टर और कंडोम से भरा प्लास्टिक डिब्बा सील कर कब्जे में लिया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर साक्ष्य सुरक्षित किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू की गई महिलाओं को सुरक्षा के मद्देनजर महिला पुलिस की निगरानी में रखा गया है और उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। वहीं, आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए ऐसे अवैध धंधों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *