निकाह का झांसा, शोषण और ब्लैकमेल: 10 लाख की मांग पर रुद्रपुर में बरेली के युवक समेत चार पर मुकदमा, कोर्ट आदेश के बाद पुलिस जांच तेज

Share the news

रुद्रपुर से महिला उत्पीड़न और धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक तलाकशुदा महिला ने बरेली निवासी युवक और उसके परिवार के तीन अन्य सदस्यों पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और 10 लाख रुपये की मांग करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मुलाकात देहरादून में आरोपी शाहरूख से हुई थी, जो उसके परिचित के यहां काम करता था। आरोपी ने महिला की व्यक्तिगत स्थिति का फायदा उठाते हुए उससे नजदीकियां बढ़ाईं और निकाह का झूठा वादा कर उसे अपने झांसे में ले लिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी कई बार उसके रुद्रपुर स्थित घर आया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

जब महिला ने निकाह के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी के परिजनों—बहन गुलफशा, भाई आशू और पिता सरताज—ने भी फोन पर शादी का आश्वासन देकर उसे भरोसे में रखा। लेकिन कुछ समय बाद आरोपी ने अपना रुख बदल लिया और निकाह से साफ इनकार करते हुए 10 लाख रुपये दहेज के रूप में देने की शर्त रख दी।

पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उसके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की बात कहकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

पीड़िता ने पहले पुलिस प्रशासन से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर उसने न्यायालय की शरण ली। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 69, 351(2) और 352 के तहत चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने मामले की जांच निरीक्षक मनोज रतूड़ी को सौंपी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *