बैकफुट पर आई पुलिस, अब पत्रकार रूपेश की तहरीर पर पांच युवकों पर मुकदमा, जानिए पूरा मामला

रुद्रपुर। कार्यालय से घर लौट रहे एक पत्रकार की कार को बोलेरो सवार लोगों ने कथित तौर पर दो बार पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपियों ने कार को आगे से घेर लिया और पत्रकार के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें पत्रकारिता छोड़ने की धमकी देने के साथ ही जान से मारने की चेतावनी भी दी। पीड़ित ने कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दिनेशपुर निवासी रुपेश कुमार के मुताबिक, वह पत्रकार हैं। तीन नवंबर की रात करीब 11:30 बजे वह मॉडल कॉलोनी स्थित अपने कार्यालय से कार संख्या UK06AZ5934 से घर लौट रहे थे। कीरतपुर से आगे फ्लाईओवर के पास पीछे से तेज गति में आई बोलेरो संख्या UK06AZ9846 ने उनकी कार को दो बार जोरदार टक्कर मारी। आरोप है कि बोलेरो में चार से पांच लोग सवार थे। इनमें कपिल शर्मा, ब्रजेश यादव और गौरव समेत अन्य लोग शामिल थे।

रुपेश के अनुसार, बोलेरो सवार लोग उन्हें नुकसान पहुंचाने की नीयत से लगातार कार में टक्कर मार रहे थे। इससे उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा सकती थी। इसके बाद आरोपियों ने सामने से उनकी कार को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने लात-घूंसों से पीटते हुए पत्रकारिता छोड़ने और जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद पीड़ित ने चार नवंबर की सुबह करीब 3:30 बजे कोतवाली रुद्रपुर पहुंचकर तहरीर दी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामला पत्रकार के साथ मारपीट और धमकी से जुड़ा होने के कारण चर्चा में है।