एसबीएस डिग्री कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में निर्दलीय गौरव का दबदबा, एबीवीपी प्रत्याशी को 391 वोटों से हराकर अध्यक्ष पद पर जमाया कब्जा

रुद्रपुर। एसबीएस डिग्री कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी गौरव कुशवाहा ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाते हुए एबीवीपी समर्थित प्रत्याशी अभिषेक सिंह को 391 मतों से शिकस्त दी। गौरव को 1170 मत मिले, जबकि अभिषेक सिंह 779 मतों पर सिमट गए। अध्यक्ष पद पर विपुल मंडल को 629 और मो. जुबैर को 415 मत मिले। 77 मत अवैध घोषित किए गए, जबकि पांच विद्यार्थियों ने नोटा का विकल्प चुना।

 

मतगणना के दौरान अध्यक्ष पद के परिणाम को लेकर कॉलेज परिसर में खासा उत्साह रहा। परिणाम घोषित होते ही गौरव के समर्थकों ने खुशी जताई। इसके बाद अन्य पदों के परिणाम भी सामने आए। उपाध्यक्ष पद पर ज्योति मिश्रा ने 1109 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्हें गुनगुन सरकार से 162 मत अधिक मिले। गुनगुन को 947 और हिमांशी जोशी को 769 मत मिले।

 

सचिव पद पर गुरबाज सिंह ने 1969 मत हासिल कर एकतरफा जीत दर्ज की। अंकिता गिरि को 945 मत मिले। संयुक्त सचिव पद पर हरमन कौर ने 1620 मत लेकर जीत हासिल की, जबकि हर्षिता पांडेय को 1138 मत मिले।

 

कला संकाय प्रतिनिधि पद पर गौरव 549 मत पाकर विजयी रहे। करणदीप सिंह को 425 मत मिले। वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर आकाश कुमार ने 327 मत हासिल कर जीत दर्ज की। कार्तिक पोखरिया को 236 और रवि गंगवार को 162 मत मिले।

 

कोषाध्यक्ष पद पर रिया गुप्ता ने 2397 मत हासिल कर सभी पदों के प्रत्याशियों में सर्वाधिक मत प्राप्त किए। उन्होंने 501 मत पाने वाले प्रतिद्वंद्वी को 1896 मतों के अंतर से हराया।

 

मतगणना के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। उन्होंने छात्रहित में काम करने का संकल्प लिया। वहीं जीत-हार के बाद किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए पुलिस ने सभी प्रत्याशियों को अपने वाहनों से सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया।