रिंग रोड पर मौत का कहर! पारले चौक के पास दंपति को रौंदकर फरार हुआ वाहन, सड़क पर मिले खून से लथपथ शव,देर शाम टहलने निकले थे पति-पत्नी, कुछ घंटे बाद सड़क किनारे मिली लाशें; सिर पर गंभीर चोट,

Share the news

रुद्रपुर। रिंग रोड स्थित पारले चौक, काशीपुर रोड पर सोमवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे पति-पत्नी के शव पड़े मिले। दोनों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से दोनों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

 

मृतकों की पहचान धर्मपुर निवासी संतोष यादव (48) और उनकी पत्नी सुनीता यादव (40) के रूप में हुई है। संतोष सिडकुल स्थित नेस्ले कंपनी के प्रोडक्शन विभाग में तैनात थे। दंपति के एक बेटा और एक बेटी है। हादसे की खबर घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

 

बताया जा रहा है कि सोमवार देर शाम दोनों पति-पत्नी दानपुर से धर्मपुर की ओर जा रहे थे। ग्रामीणों ने उन्हें आखिरी बार रिंग रोड के पारले चौक के पास टहलते हुए देखा था। इसके बाद करीब साढ़े आठ बजे एक ग्रामीण की नजर सड़क किनारे पड़े दोनों पर पड़ी। पास जाकर देखा तो दोनों गंभीर हालत में थे।

 

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

 

हादसे के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में छानबीन शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किस वाहन ने दंपति को टक्कर मारी और चालक उन्हें सड़क पर तड़पता छोड़कर फरार कैसे हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *