बंद मकान के ताले तोड़ लाखों के जेवर उड़ाने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, चोरी का माल बेचने की फिराक में थे आरोपी, सोने के आभूषण बरामद

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप के शिव गार्डन कॉलोनी में बंद मकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चोरी किए गए आभूषण बेचने की फिराक में पंचवटी कॉलोनी में खड़े थे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण भी बरामद हुए हैं।

शिव गार्डन कॉलोनी निवासी प्रदीप कुमार 25 अक्तूबर को परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए थे। 27 अक्तूबर को पड़ोसियों ने उन्हें मकान का दरवाजा खुला होने की सूचना दी थी। घर पहुंचने पर मुख्य गेट और कमरों के ताले टूटे मिले थे। अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण और करीब 60 हजार रुपये की नकदी गायब थी। पांच नवंबर को पीड़ित की तहरीर पर ट्रांजिट कैंप कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस के मुताबिक, छह नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पंचवटी कॉलोनी में दबिश देकर राकेश राजपूत (22), सुनील राजपूत (19) और राजेश राजपूत (40) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उनके पास से सोने के झाले, झुमके, मंगलसूत्र का लॉकेट, चेन और अंगूठी बरामद हुई। पीड़ित ने मौके पर आभूषणों की पहचान भी की। पुलिस के अनुसार राकेश और सुनील पर पहले से चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। तीनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।