बड़ी खबर…होटल में आधी रात धधकी आग, 9 की मौत; 6 झुलसे

Share the news

मिर्जा गालिब स्ट्रीट की जर्जर इमारत में मची अफरातफरी, 80 लोगों को सुरक्षित निकाला; आग के कारणों की जांच में जुटी SIT

 

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मंगलवार देर रात एक होटल में भीषण आग लगने से सनसनी फैल गई। मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल में लगी आग में करीब नौ लोगों की मौत की खबर है, जबकि छह अन्य लोग धुएं और आग की चपेट में आकर बीमार हुए हैं। मृतकों में छह पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि, मौतों की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन और अस्पताल की ओर से अभी नहीं की गई है।

 

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक रात करीब दो बजे होटल से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग कई कमरों तक फैल गई और पूरी इमारत घने काले धुएं से भर गई। होटल में मौजूद कई लोग कमरों के भीतर फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। डिजास्टर मैनेजमेंट फोर्स के जवानों ने भी बचाव अभियान शुरू किया। करीब 80 लोगों को इमारत से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

 

बताया जा रहा है कि कई लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत की सूचना है। वहीं छह अन्य लोगों को धुएं की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ लोग जान बचाने के लिए इमारत की छत पर भी पहुंच गए थे।

 

अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा मंत्री कौशिक चौधरी के मुताबिक मृतकों में भारतीयों के साथ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हो सकते हैं। कुछ बांग्लादेशी नागरिक इलाज के लिए कोलकाता आए थे और होटल में ठहरे हुए थे। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

 

शॉर्ट सर्किट या एसी में धमाके से आग लगने की आशंका

 

शुरुआती जांच में आग लगने की वजह एयर कंडीशनर में धमाका या शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। जांच टीम होटल की बिजली वायरिंग, एसी सिस्टम, फायर सेफ्टी उपकरण, आपातकालीन निकास और जरूरी लाइसेंस की जांच कर रही है।

 

घटना की जांच के लिए कोलकाता पुलिस ने छह अधिकारियों की विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है। इसकी अगुवाई डिप्टी कमिश्नर स्तर के आईपीएस अधिकारी करेंगे। पुलिस ने होटल और आसपास के इलाके को घेर लिया है। होटल का मालिक फिलहाल नहीं मिला है, जबकि मैनेजर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

 

फायर सेफ्टी पर फिर उठे सवाल

 

हादसे ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में संचालित छोटे और मध्यम होटलों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि आग लगने के समय होटल में कितने लोग मौजूद थे, उन्हें समय पर चेतावनी मिली या नहीं और आपात स्थिति में बाहर निकलने के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। अधिकारियों के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद ही लापरवाही और आग की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *