हल्दूचौड़। नेशनल हाईवे पर गुरुवार को तेज रफ्तार डंपर ने दोपहिया वाहन सवार पिता-पुत्री को टक्कर मार दी। हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों किच्छा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसा गायत्री शक्तिपीठ के पास पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर हुआ।
बताया गया कि पिता-पुत्री दोपहिया वाहन से हल्द्वानी की ओर से किच्छा जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए डंपर ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के बाद डंपर चालक को हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल मृतका और घायल की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे के बाद फिर उठे सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
हल्दूचौड़ क्षेत्र में हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार भारी वाहनों के साथ ही हाईवे पर कई जगह कट और यातायात संचालन की अव्यवस्था दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रही है। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर वहां गति नियंत्रण, कटों की व्यवस्था और यातायात निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
