यूट्यूबर सौरभ जोशी से गाली-गलौज, पीछा करने पर कार छोड़ भागा चालक

परिवार के साथ कार से निकले थे घूमने, तिकोनिया से नैनीताल रोड तक हुआ विवाद

हल्द्वानी। परिवार के साथ कार से घूमने निकले चर्चित यूट्यूबर सौरभ जोशी के साथ अज्ञात कार चालक द्वारा गाली-गलौज और अभद्रता करने का मामला सामने आया है। 30 सितंबर की रात तिकोनिया से नैनीताल रोड तक दोनों के बीच विवाद हुआ। सौरभ जोशी ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।

 

जानकारी के मुताबिक, सौरभ जोशी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कार में जा रहे थे। इसी दौरान तिकोनिया के पास एक कार चालक ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोप है कि उसने सौरभ जोशी के साथ गाली-गलौज की और अभद्रता करते हुए वहां से चला गया।

 

इसके बाद सौरभ जोशी ने उसकी कार का पीछा किया। नैनीताल रोड पर चालक ने दोबारा अभद्रता की। सौरभ जोशी लगातार उसका पीछा करते रहे तो चालक एक खाली प्लॉट में कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और कार को कब्जे में लेकर मामले की जानकारी जुटाई।

 

घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपी कार चालक की तलाश की जा रही है। उसकी पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।