रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र की एक कंपनी में कार्यरत युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पीड़िता का आरोप है कि तीन युवकों ने उसे और उसके साथियों को जबरन रोककर अगवा किया और गदरपुर क्षेत्र में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात युवती अपनी सहेली और दो युवक मित्रों के साथ भूरारानी रोड पर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इसके बाद आरोपितों ने दोनों युवकों और दोनों युवतियों को उनकी ही बाइक पर जबरन बैठा लिया और गदरपुर की ओर ले जाने लगे।
बताया जा रहा है कि रास्ते में एक युवक और एक युवती चलती बाइक से कूदकर किसी तरह जान बचाने में सफल रहे। वहीं दूसरा युवक और पीड़ित युवती आरोपितों के कब्जे में रहे। आरोप है कि गदरपुर क्षेत्र में पहुंचने के बाद आरोपितों ने युवक को रास्ते में उतार दिया, जबकि युवती को अपने साथ ले गए।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद तीनों आरोपितों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। रविवार सुबह आरोपित उसे मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह पीड़िता ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को उपचार एवं मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज करने के साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



