भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेसियों ने फूंका पुतला, एसएसपी पर लगाए गंभीर आरोप

Share the news

रुद्रपुर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर भाजपा सरकार पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किया। रुद्रपुर में महानगर अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने डीडी चौक पर भाजपा सरकार और नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

 

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आठ अगस्त को हल्द्वानी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नैनीताल पुलिस प्रशासन ने सरकार के दबाव में जगह-जगह रोककर परेशान किया। उन्होंने कहा कि नैनीताल एसएसपी द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अराजक तत्व कहना भी आपत्तिजनक है।

 

ममता रानी और राजकुमार ठुकराल ने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस के बढ़ते जनाधार से घबरा गई है। इसी कारण कांग्रेस के कार्यक्रमों और रैलियों को रोकने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि जनता अब भाजपा की नीतियों को समझ चुकी है।

 

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। प्रदर्शन में उमा सरकार, ज्योति टम्टा, मधु सिकदर, कमल चुघ, संध्या गुप्ता, प्रदीप यादव, विकास बंसल, रंजीत गुप्ता, जमुना प्रसाद, मोहन भारद्वाज, मुख्तार हुसैन, दानिश खान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *