बरेली के राममूर्ति अस्पताल में अभिषेक की मौत, एम्स ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, काशीपुर फ्लाईओवर के पास मारपीट के बाद चल रहा था उपचार

Share the news

रुद्रपुर। काशीपुर फ्लाईओवर के पास स्कॉर्पियो की टक्कर के बाद हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल अभिषेक वाल्मीकि की उपचार के दौरान मौत हो गई। बरेली के राममूर्ति अस्पताल में उपचार के बाद हालत बिगड़ने पर परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अभिषेक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और वाल्मीकि समाज में शोक के साथ आक्रोश फैल गया।

 

बताया गया कि सात अगस्त की रात अभिषेक अपने रिश्ते के भाई जतिन के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर पीछे से आई स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आरोप है कि इसके बाद स्कॉर्पियो चालक सन्नी चुघ ने अभिषेक और जतिन से मारपीट की। मामले में जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और अन्य लोगों को मौके पर बुलाने का भी आरोप लगाया गया था।

 

घटना के बाद अभिषेक की हालत गंभीर होने पर उसे बरेली के राममूर्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कई दिनों तक उपचार के बाद हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे एम्स ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।

 

मामले में पुलिस मुख्य आरोपी सन्नी चुघ को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की पहचान में जुटी है। अभिषेक की मौत के बाद अब पुलिस की जांच और कार्रवाई पर भी सभी की नजरें टिक गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *