रुद्रपुर। पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने कुछ लोगों पर फर्जी पहचान बनाकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक के दुरुपयोग से उनकी छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में एसएसपी, एसपी, सीओ, एलआईयू और साइबर अपराध कार्यालय में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन लंबा समय बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब वह मामले को लेकर उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे और संबंधित पुलिस अधिकारियों से जवाब मांगेंगे।
मीडिया से बातचीत में ठुकराल ने आरोप लगाया कि संदीप सिंह और बिट्टू ठुकराल के नाम से कथित फर्जी पहचान बनाकर एआई के जरिए उनके फर्जी चित्र तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक कथित फर्जी प्रोफाइल में उन्हें गोल टोपी पहने दिखाया गया, जबकि दूसरी कथित पहचान में आरकेटी लिखा डंपर दिखाया गया है। ठुकराल के मुताबिक इन तस्वीरों का उद्देश्य समाज में उनकी छवि को नुकसान पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि वह सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और स्वयं को सनातन धर्म में आस्था रखने वाला हिंदू मानते हैं। ठुकराल ने एआई के बढ़ते दुरुपयोग पर चिंता जताते हुए कहा कि तकनीक का इस्तेमाल किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा खराब करने और मानसिक रूप से परेशान करने के लिए किया जा सकता है।
पूर्व विधायक ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2022 में भी उनका राजनीतिक भविष्य खत्म करने के प्रयास किए गए। इसके बावजूद उन्होंने भाजपा से विश्वासघात नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का टिकट होने के बावजूद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और करीब तीन साल तक इंतजार किया।
नगर निगम चुनाव का जिक्र करते हुए ठुकराल ने दावा किया कि उन्होंने और उनके भाई संजय ठुकराल ने भाजपा प्रत्याशी विकास शर्मा के समर्थन में भूमिका निभाई। उनका कहना था कि यदि वे समर्थन में सामने नहीं आते तो विकास शर्मा महापौर नहीं बन पाते।
ठुकराल ने भाजपा सरकार पर महंगाई को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से रसोई का बजट बिगड़ गया है। किच्छा और सिरौलीकलां में प्रस्तावित निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसका वह पालन करेंगे।
