बाल अधिकार आयोग के कड़े निर्देश: सुरक्षा मानक पूरे होने पर ही खुलेगा क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल, जिले के सभी निजी स्कूलों और कोचिंग सेंटरों का होगा व्यापक सुरक्षा निरीक्षण

Share the news

रुद्रपुर। क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल को अचानक बंद किए जाने और उससे जुड़ी शिकायतों के मामले में उत्तराखण्ड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में हुई बैठक में स्कूल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी सुरक्षा और वैधानिक कमियां दूर किए बिना विद्यालय का संचालन शुरू नहीं किया जाएगा।

 

बैठक में विद्यालय भवन की सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था, ऑक्युपेंसी प्रमाणपत्र, सुरक्षित पहुंच मार्ग, आधारभूत सुविधाओं तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। आयोग ने निर्देश दिए कि सभी मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से मुख्य शिक्षा अधिकारी को प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया जाए।

 

मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालय की कमियों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा उसकी रिपोर्ट आयोग को भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।

 

बैठक में जिले के सभी निजी विद्यालयों, अशासकीय विद्यालयों और कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा जांच के लिए 10-12 सदस्यीय समिति गठित करने का निर्णय भी लिया गया। समिति में जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, श्रम और अन्य विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। जुलाई के दूसरे सप्ताह से सुरक्षा निरीक्षण अभियान शुरू किया जाएगा।

 

इसके अलावा स्कूलों में शिकायत पेटिका की नियमित निगरानी, नशा उन्मूलन जागरूकता अभियान, परिवहन व्यवस्था में सुधार और अभिभावकों के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *