मूसलाधार बारिश ने छीनी मासूम की जिंदगी, घर के बाहर खेल रहा चार वर्षीय अयनांश गदेरे में बहा; रातभर तलाश के बाद दूसरे दिन मिला शव, परिवार में कोहराम

Share the news

टिहरी। टिहरी गढ़वाल जिले के घनसाली क्षेत्र में मूसलाधार बारिश एक परिवार की खुशियां बहाकर ले गई। घर के बाहर खेलते समय लापता हुए चार वर्षीय मासूम अयनांश का शव दूसरे दिन गांव के नीचे गदेरे से बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि तेज बारिश के कारण गदेरे में आए उफान में बहने से मासूम की मौत हुई।

 

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10 बजे विपिन चौहान ने थाना घनसाली में सूचना दी कि उनका चार वर्षीय भांजा अयनांश ग्राम कंडारस्यू में खेलते समय अचानक लापता हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर एसडीआरएफ और ग्रामीणों के साथ संयुक्त सर्च अभियान शुरू किया। रातभर चले अभियान के बावजूद अंधेरा और खराब मौसम के चलते बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका।

 

रविवार सुबह दोबारा तलाशी अभियान चलाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद बच्चे का शव गांव के नीचे गदेरे में पानी के किनारे मिला। शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

 

ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार दोपहर क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के बाद गदेरे में अचानक तेज बहाव आ गया था। आशंका है कि उसी दौरान खेलते समय मासूम पानी की चपेट में आ गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

 

मृतक अयनांश अपनी मां निकिता के साथ इन दिनों नाना के घर ग्राम कंडारस्यू आया हुआ था। उसके पिता पूरन सिंह विदेश में नौकरी करते हैं। परिवार के लिए यह प्रवास जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *