किच्छा मंडी में फूटा गुस्सा: विधायक तिलक राज बेहड़ ने अव्यवस्थाओं पर लगाई फटकार, किसानों संग धरना, तौल में लापरवाही पर प्रशासन घिरा

Share the news

किच्छा मंडी में अव्यवस्थाओं पर भड़के विधायक, किसानों संग धरने पर बैठे

किच्छा (उधम सिंह नगर)। गेहूं खरीद में अव्यवस्थाओं को लेकर किच्छा मंडी में गुरुवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब क्षेत्रीय विधायक तिलक राज बेहड़ अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। किसानों की समस्याएं और तौल में लापरवाही देख विधायक का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

दरअसल, इन दिनों मंडी में गेहूं खरीद का कार्य चल रहा है, लेकिन किसानों का आरोप है कि उनकी फसल की समय पर तौल नहीं की जा रही, जिससे उन्हें कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विधायक बेहड़ बिना पूर्व सूचना के मंडी पहुंच गए। वहां की व्यवस्थाएं देखकर वे नाराज हो उठे और अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाते हुए कड़ी नाराजगी जाहिर की।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनके तेवर देखते ही मंडी परिसर में मौजूद किसान और समर्थक बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और नारेबाजी शुरू हो गई।

इस दौरान आक्रोशित किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मंडी परिसर में ही धरने पर बैठ गए। विधायक ने भी किसानों का समर्थन करते हुए अधिकारियों को मौके पर बुलाने और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग की। उन्होंने कहा कि गेहूं तौल की वर्तमान व्यवस्था किसानों के हितों के विपरीत है और इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

विधायक ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर किसानों के हितों की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री के गृह जनपद में ही किसान परेशान हैं। इसे उन्होंने प्रशासनिक विफलता करार दिया।

उधर, मंडी में बढ़ते हंगामे के चलते प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी रहे, लेकिन देर तक किसानों का आक्रोश शांत नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *