रुद्रपुर। शहर के बगवाड़ा मंडी क्षेत्र में गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जमुनिया थाना देवरिया, बहेड़ी (जिला बरेली) निवासी 29 वर्षीय दुर्ग पाल रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में किराये पर रहकर सिडकुल की एक फैक्ट्री में कार्यरत था। बुधवार को वह अपने मित्र के साथ बरेली के मानपुर शेरगढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। गुरुवार तड़के करीब चार बजे दोनों बाइक से वापस रुद्रपुर लौट रहे थे।
इसी दौरान बगवाड़ा मंडी के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दुर्ग पाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथी शिवम की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
मृतक अपने पीछे पत्नी सरिता और दो मासूम बेटियां 5 वर्षीय कायरा और डेढ़ वर्षीय नायरा को छोड़ गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएसआई केसी आर्या के अनुसार, अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।




