किच्छा में बन रहा सेटेलाइट एम्स: जुलाई तक निर्माण पूरा करने के निर्देश, अगस्त से ओपीडी की तैयारी

Share the news

किच्छा (उधम सिंह नगर)। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को नई दिशा देने वाली बहुप्रतीक्षित सेटेलाइट एम्स परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने 351 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 280 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि श्रमिकों और मशीनों की संख्या बढ़ाकर काम को गति दी जाए, ताकि अस्पताल भवन का निर्माण हर हाल में जुलाई तक पूरा हो सके। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए।

सीपीडब्ल्यूडी के अभियंता उत्पल त्रिपाठी ने बताया कि मुख्य भवन का निर्माण 30 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। वहीं, आवासीय भवनों का कार्य 85 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुका है, जिसे मई तक समाप्त करने का लक्ष्य है। अस्पताल परिसर की आंतरिक सड़कों का निर्माण भी मई माह तक पूरा कर लिया जाएगा, जबकि जून में हरित क्षेत्र विकसित करने के लिए पौधरोपण किया जाएगा।

परियोजना के तहत अस्पताल में 250 बेड, 10 ऑपरेशन थिएटर और 30 आईसीयू बेड के साथ अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक व लैब सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यहां कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, जनरल सर्जरी, आर्थोपेडिक्स, पीडियाट्रिक्स, इमरजेंसी और ट्रॉमा जैसी विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होंगी।

प्रोफेसर मीनू सिंह ने बताया कि यदि जुलाई तक निर्माण कार्य पूर्ण होकर हैंडओवर हो जाता है, तो अगस्त माह से ओपीडी सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।

परियोजना के पूर्ण होने के बाद किच्छा और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे उन्हें बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *