बीज भुगतान में करोड़ों की कथित ठगी, 300 से अधिक किसानों ने एसएसपी से लगाई गुहार, फर्जी स्टाम्प और शपथपत्र के सहारे भुगतान हड़पने का आरोप, तराई फार्म सीड्स संचालक व पार्टनरों पर मुकदमे की मांग

Share the news

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर और बरेली जिले के सैकड़ों किसानों ने बीज खरीद के भुगतान में करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। किसानों का आरोप है कि नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (NFL) की प्रोसेसिंग यूनिट के रूप में कार्य कर रही तराई फार्म सीड्स के संचालक और उसके पार्टनरों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर किसानों के नाम जारी होने वाली रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा ली। मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।

एसएसपी को दी गई तहरीर में किसानों ने बताया कि वर्ष 2021 में उन्होंने तराई फार्म सीड्स में गेहूं बीज के रूप में जमा कराया था। तय व्यवस्था के अनुसार भुगतान तीन किश्तों में होना था। पहली किश्त मिलने के बाद शेष भुगतान के लिए किसानों को लगातार टालमटोल किया गया। बाद में जब किसानों ने सीधे NFL अधिकारियों से संपर्क किया तो जानकारी मिली कि उनके नाम का पूरा भुगतान पहले ही जारी किया जा चुका है।

किसानों का आरोप है कि फर्म संचालक हरेन्द्र मलिक और उसके कथित पार्टनर राहुल कुमार, राहुल राणा, युवराज और चितरंजन ने किसानों के नाम से फर्जी स्टाम्प और शपथपत्र तैयार कर भुगतान अपनी फर्म के खाते में स्थानांतरित करा लिया। शिकायत में दावा किया गया है कि इस तरह 300 से 350 किसानों के करीब दो से ढाई करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी की गई है।

तहरीर में एक किसान का उदाहरण भी दिया गया है, जिसके अनुसार शिकायतकर्ता इकबाल सिंह उस अवधि में विदेश में थे, फिर भी उनके नाम से कथित तौर पर स्टाम्प खरीदकर शपथपत्र दाखिल कर भुगतान प्राप्त कर लिया गया। किसानों ने इसे बड़े स्तर का फर्जीवाड़ा बताते हुए निष्पक्ष जांच, मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

नोट: यह खबर किसानों द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में पुलिस जांच और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया लंबित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *