सिडकुल में दर्दनाक हादसा, ट्राले की टक्कर से श्रमिक की मौत, काम पर जा रहे साइकिल सवार को पीछे से कुचला, चालक ट्राला छोड़कर फरार

रुद्रपुर।

सिडकुल क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई। रोज की तरह साइकिल से ड्यूटी पर जा रहे श्रमिक को एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्राले ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाने के बाद उसकी मौत हो गई।

 

जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय हरपाल सिंह पुत्र नत्थू लाल सिडकुल स्थित एक कंपनी में कार्यरत थे। गुरुवार सुबह वह अपनी साइकिल से ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्राले ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही हरपाल सिंह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण हरपाल सिंह ने दम तोड़ दिया।

 

मृतक मूल रूप से ग्राम भरोला, फतेहगंज, बरेली के निवासी थे और वर्तमान में ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के ठाकुरनगर में परिवार सहित किराये के मकान में रह रहे थे। वह अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य बताए जा रहे हैं। उनकी पत्नी नन्ही, तीन पुत्र दिनेश, अर्जुन, भास्कर और पुत्री लक्की का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना में शामिल ट्राले को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।