एक ही परिवार के सात लोगों ने की आत्महत्या, परिवार का बड़ा कदम उठाने की वज़ह आई सामने…

पंचकूला से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। सेक्टर 27 में सोमवार देर रात एक ही परिवार के सात सदस्यों ने ज़हर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और डीसीपी हिमाद्री कौशिक मौके पर पहुंचे और तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दुर्भाग्यवश सभी की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान प्रवीण मित्तल, उनके पिता देशराज मित्तल, मां, पत्नी और तीन बच्चों — दो बेटियां और एक बेटा — के रूप में हुई है। परिवार मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला था और लंबे समय से पंचकूला में किराए के मकान में रह रहा था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार,

प्रवीण मित्तल ने कुछ समय पहले देहरादून में टूर एंड ट्रेवल्स का व्यवसाय शुरू किया था, जिसमें उन्हें भारी घाटा हुआ। इसके बाद आमदनी के सभी स्रोत खत्म हो गए थे और परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार के पास खाने तक के पैसे नहीं बचे थे।

सोमवार रात करीब 11 बजे पुलिस को 112 नंबर पर सूचना मिली कि एक गाड़ी में कुछ लोग तड़प रहे हैं। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो गाड़ी में सात लोग बेहोशी की हालत में मिले। उन्हें तुरंत ओजस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन सभी की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, एक अन्य सदस्य की मौत सेक्टर 6 सिविल अस्पताल में हुई।

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या सभी ने पहले ज़हर खाया और फिर गाड़ी में जाकर बैठे, या फिर किसी और जगह से लौटने के बाद गाड़ी में बैठते ही ज़हर खाया। फिलहाल, सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।

इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। कर्ज और आर्थिक तंगी जैसी समस्याएं आज कितने परिवारों को निगल रही हैं, यह इस हादसे से साफ जाहिर होता है। आगे की जानकारी के लिए बने रहिए हमारे साथ।