अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम टीम पर मारपीट के आरोप, पार्षद पति घायल, किच्छा रोड पर अतिक्रमण हटाने के दौरान बवाल, दोनों पक्षों ने लगाए एक-दूसरे पर आरोप

Share the news

रुद्रपुर।

नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान किच्छा रोड स्थित भूत बंगला गेट के पास गुरुवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब निगम कर्मचारियों और स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में वार्ड संख्या 23 की पार्षद अंजलि कोली के पति राजू कोली के घायल होने का आरोप लगाया गया है।

 

जानकारी के अनुसार नगर निगम की टीम सड़क किनारे लगे अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक जूस के ठेले पर लगे छाते को हटाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। मौके पर पहुंचे राजू कोली ने कार्रवाई का विरोध किया, जिसके बाद उनकी निगम कर्मचारियों से तीखी बहस हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

 

घायल पक्ष का आरोप है कि नगर निगम के कर्मचारियों ने राजू कोली के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोप यह भी है कि एक कर्मचारी ने नुकीले औजार से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

 

वहीं नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई और निगम कर्मियों के साथ भी अभद्रता की गई। निगम प्रशासन का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है।

 

इस संबंध में पीड़ित पक्ष की ओर से कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *