संवाददाता, रुद्रपुर।
रुद्रपुर की कैनाल कॉलोनी में देर रात एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि कॉलोनी के बाहर हंगामा कर रहे युवकों को टोका तो उन्होंने खुद को रामपुरा के बदमाश बताते हुए हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
कैनाल कॉलोनी निवासी कमल चन्द्र जोशी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 मई की रात करीब डेढ़ बजे वह गंगापुर रोड स्थित अपने होटल “निष्ट्रो कैफे” से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह कैनाल कॉलोनी गेट के पास पहुंचे तो वहां कुछ युवक शोर-शराबा और हंगामा कर रहे थे। कॉलोनी में परिवार और महिलाएं रहने की बात कहकर जब उन्होंने युवकों को टोका तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आए।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने खुद को रामपुरा का बदमाश बताते हुए धमकी दी और कहा कि “इसे जान से मार डालते हैं।” आरोप है कि इसके बाद दो युवकों ने मिलकर लात-घूंसों से हमला कर दिया। इसी दौरान एक युवक ने पास में पड़ी सीमेंट की टाइल उठाकर उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। आरोप है कि आरोपी उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
तहरीर में अभिषेक पुत्र रणजू सिंह निवासी रामपुरा कटोरी मंदिर के पास तथा अर्जुन पुत्र नन्दू कोली निवासी वार्ड नंबर 23 रामपुरा को नामजद किया गया है। पीड़ित ने बताया कि घटना के दौरान उनका पर्स, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड, वाहन की आरसी और अन्य सामान भी गायब हो गया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।



