रुद्रपुर/काशीपुर। उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए काशीपुर में हथियारों का जखीरा बरामद किया है। एसटीएफ और ऊधम सिंह नगर पुलिस के संयुक्त अभियान में एक स्विफ्ट कार से चार अवैध हथियार, 237 जिंदा कारतूस और सात फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं। मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ के अनुसार मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 4 जून को काशीपुर कोतवाली में फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मंगलवार देर रात एसटीएफ को सूचना मिली कि काशीपुर के कटोराताल क्षेत्र में खड़ी एक स्विफ्ट कार में भारी मात्रा में अवैध हथियार रखे गए हैं।
सूचना पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वाहन को कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान कार से एक 12 बोर पम्प एक्शन बंदूक, एक .22 बोर सेमी ऑटोमैटिक राइफल, एक .32 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .32 बोर रिवाल्वर, चार मैगजीन, 237 जिंदा कारतूस तथा सात कूटरचित शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए। बरामद वाहन भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि राज्यभर में फर्जी शस्त्र लाइसेंसों की जांच जारी है। अब तक तीन अभियोग दर्ज कर पांच आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है तथा कई अवैध हथियार और फर्जी लाइसेंस बरामद किए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि फर्जी लाइसेंस के आधार पर हथियार रखने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही ऐसे लोगों को स्वेच्छा से अपने हथियार पुलिस के समक्ष सरेंडर करने का अवसर भी दिया गया है। एसटीएफ ने आमजन से संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों की सूचना देने की अपील की है।




