फर्श के नीचे दफन था कच्ची शराब का जखीरा, सास-बहू गिरफ्तार
रुद्रपुर। घनी आबादी वाले रम्पुरा बस्ती क्षेत्र में कच्ची शराब के अवैध कारोबार का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक घर के कमरे की फर्श के नीचे दफन ड्रम से कच्ची शराब बरामद करते हुए सास-बहू को गिरफ्तार कर लिया। शराब छिपाने का अनोखा तरीका देखकर पुलिस टीम भी दंग रह गई।
कोतवाली के एसएसआई अनिल जोशी और रम्पुरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में गठित संयुक्त पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रम्पुरा बस्ती में एक चर्चित महिला शराब तस्कर के घर पर छापेमारी की। पुलिस ने घर की गहन तलाशी ली, लेकिन शुरुआत में कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।
तलाशी के दौरान कमरे में रखा सोफा हटाने पर पुलिस की नजर फर्श में बने एक छिपे हुए स्थान पर पड़ी। जांच करने पर वहां नीले और सफेद रंग के ड्रम दबे हुए मिले। जब ड्रमों का ढक्कन खोला गया तो उनके अंदर कच्ची शराब से भरी थैलियां बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से कुल 52 थैलियां कच्ची शराब की जब्त कीं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जागवती देवी और हीरा देवी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने सास-बहू होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार दोनों लंबे समय से क्षेत्र में कच्ची शराब की बिक्री के कारोबार से जुड़ी हुई थीं।
जांच में यह भी सामने आया कि पूर्व में कई बार पुलिस ने उनके घर पर छापेमारी की थी, लेकिन शराब को फर्श के नीचे ड्रम में छिपाकर रखने के कारण उसका पता नहीं चल सका था। इस बार पुलिस की सतर्कता और गहन तलाशी के चलते पूरे खेल का खुलासा हो गया।
पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




