जिले में बेखौफ दौड़ रहे थे अनफिट स्कूली और यात्री वाहन, जांच में खुली पोल,  बिना फिटनेस, बीमा और वैध लाइसेंस के सड़कों पर फर्राटा भर रहे थे वाहन

विशेष अभियान में 88 वाहनों के चालान, 15 सीज; 22 चालक बिना लाइसेंस मिले

 

रुद्रपुर। बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाने वाले स्कूली वाहन ही नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर दौड़ रहे थे। जिले में स्कूली और यात्री वाहनों की जांच हुई तो परिवहन नियमों की अनदेखी की परतें खुलती चली गईं। कहीं चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था तो कहीं वाहन की फिटनेस और बीमा तक नहीं कराया गया था। कई वाहनों में बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी उपकरण भी नदारद मिले। मंगलवार को परिवहन विभाग, विधिक सेवा प्राधिकरण और पुलिस की संयुक्त टीमों ने विशेष अभियान चलाकर 88 वाहनों के चालान किए, जबकि 15 वाहनों को सीज कर दिया।

 

परिवहन आयुक्त के निर्देश और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के आदेश पर 16 से 22 नवंबर तक प्रदेशव्यापी सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को परिवहन कर अधिकारी आशुतोष डिमरी, आनंद प्रकाश गुप्ता, तारकेश्वर वैष्णव और मुकुल अग्रवाल की प्रवर्तन टीमों ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की।

 

जांच में 22 वाहन चालक बिना वैध लाइसेंस के मिले। आठ वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र और 10 बिना वैध बीमा के संचालित पाए गए। 25 वाहनों का टैक्स जमा नहीं था। पांच वाहनों में सीसीटीवी कैमरे और पांच में अग्निशमन यंत्र नहीं मिले। दो वाहनों में प्राथमिक उपचार पेटिका नहीं थी, जबकि तीन वाहन बिना परमिट के दौड़ते मिले। ओवरलोडिंग और अन्य नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई।

 

सुरक्षा के इंतजाम भी अधूरे

 

स्कूली वाहनों में सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, फिटनेस प्रमाणपत्र और चालक के लाइसेंस की विशेष जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ अभियान के दौरान कार्रवाई जारी रहेगी।