रुद्रपुर। ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे दो लोगों की बाइक को डंपर ने ऐसी टक्कर मारी कि सड़क पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में बाइक चला रहे 40 वर्षीय प्रताप की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार साले रामबाबू गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रताप का सिर बुरी तरह कुचल गया। उनका भेजा सड़क पर बिखर गया और खून से सड़क लाल हो गई। हादसे का मंजर देखकर मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
जानकारी के अनुसार, प्रताप पुत्र गणेशी मूल रूप से कैमरी, उत्तर प्रदेश के निवासी थे। वह पल्लेदारी का काम करते थे। रामबाबू निवासी रामपुरा भी पल्लेदारी का काम करते हैं। दोनों रिश्ते में साले-बहनोई हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक प्रताप चला रहे थे और रामबाबू पीछे बैठे थे।
इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर जा गिरे। डंपर की चपेट में आने से प्रताप बुरी तरह कुचल गए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रामबाबू घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सड़क पर बिखरे खून और क्षतिग्रस्त बाइक को देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। एक साथ काम से लौट रहे दोनों रिश्तेदारों में से एक की जिंदगी सड़क पर खत्म हो गई, जबकि दूसरा घायल अवस्था में अस्पताल पहुंच गया। प्रताप की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
