रुद्रपुर। रम्पुरा के वार्ड नंबर 24 में शुक्रवार रात नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुमन (24) की शादी महज दो माह पहले राकेश कोली से हुई थी। शनिवार सुबह बेटी की मौत की सूचना मिलते ही मायके में चीख-पुकार मच गई। मृतका के पिता मदन लाल ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, सुमन रम्पुरा निवासी राकेश कोली की पत्नी थी। शुक्रवार रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर एसएसआई महेश कांडपाल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। शनिवार सुबह सुमन के मायके वालों को उसकी मौत की सूचना मिली तो परिवार में मातम छा गया।
मृतका के पिता मदन लाल ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग सुमन को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वह ससुराल वालों की मांग पूरी कर सकें। पिता ने आरोप लगाया कि इसी प्रताड़ना के चलते उनकी बेटी की हत्या की गई। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
शादी को दो माह होने पर मजिस्ट्रेटी कार्रवाई
सुमन की शादी को अभी दो माह ही हुए थे। ऐसे में पुलिस ने घटना की सूचना एसडीएम रुद्रपुर को दी। सूचना पर तहसीलदार दिनेश कुटोला मोर्चरी पहुंचे और मृतका के शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई की। सीओ विभव सैनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
