बाजपुर। मोहल्ला पहाड़ी कॉलोनी में लकड़ी के गोदाम पर छापा मारने पहुंची वन विभाग की संयुक्त टीम पर तस्करों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। बुधवार देर रात हुई घटना में रुद्रपुर के वन दरोगा सुरेंद्र सिंह घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। टीम ने मौके से सागौन और खैर की लकड़ी बरामद की, जबकि हमलावर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर रुद्रपुर के रेंजर लक्ष्मण सिंह बिष्ट के नेतृत्व में रुद्रपुर और बाजपुर वन विभाग की संयुक्त टीम बुधवार रात करीब 12 बजे पहाड़ी कॉलोनी स्थित एक गोदाम पर छापा मारने पहुंची। टीम की कार्रवाई से मौके पर खलबली मच गई। इस दौरान आसपास के लोग भी जमा हो गए। आरोप है कि इसी बीच लकड़ी तस्करों ने वनकर्मियों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वन दरोगा सुरेंद्र सिंह घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। वन विभाग की टीम ने गोदाम से सागौन और खैर की लकड़ी बरामद की। हालांकि, हमलावरों के हाथ नहीं आने से वे मौके से फरार हो गए। घायल वन दरोगा का सरकारी अस्पताल में उपचार कराया गया। घटना के संबंध में अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
