रुद्रपुर, संवाददाता।
भीषण गर्मी को देखते हुए उत्तराखण्ड शासन ने ऊधम सिंह नगर जिले के सभी राजकीय एवं निजी माध्यमिक व प्रारम्भिक विद्यालयों के लिए नई समय सारिणी लागू कर दी है। सचिव रविनाथ रामन द्वारा जारी आदेश के तहत अब ग्रीष्मकालीन सत्र में स्कूल सुबह जल्दी खुलेंगे और दोपहर से पहले छुट्टी कर दी जाएगी।
आदेश के अनुसार 1 अप्रैल से 30 सितम्बर तक प्रार्थना सभा सुबह 07:15 बजे शुरू होगी। इसके बाद निर्धारित 8 वादन संचालित किए जाएंगे और दोपहर 01:00 बजे विद्यालय की छुट्टी होगी। शासन का मानना है कि इससे विद्यार्थियों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी और पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी।
वहीं, शीतकालीन सत्र 1 अक्टूबर से 31 मार्च तक स्कूलों का संचालन सुबह 08:45 बजे से दोपहर 03:10 बजे तक किया जाएगा।
शासन ने विशेष परिस्थितियों के लिए भी प्रावधान रखा है। यदि जिले के किसी सुदूर, जलभराव या बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में समय परिवर्तन की आवश्यकता महसूस होती है, तो संबंधित प्रधानाचार्य प्रस्ताव तैयार कर सकेंगे। इस प्रस्ताव पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति विचार करेगी, जिसमें मुख्य शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी भी शामिल होंगे।
स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि समय में किसी भी प्रकार के संशोधन के बावजूद शिक्षण अवधि में कटौती नहीं की जाएगी। सभी शिक्षा अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।




