नानकमत्ता में एक साथ खुलीं कई परतें, कहीं तमंचे तो कहीं कच्ची शराब… 12 लाख कैश और क्यूआर कोड से बढ़ा शक

नानकमत्ता। अवैध असलहों, कच्ची शराब और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने नानकमत्ता क्षेत्र में 10 घंटे तक अभियान चलाया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए गए ऑपरेशन सफाया के तहत पुलिस की 10 टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग और कार्रवाई की। इस दौरान 10 लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अवैध तमंचे और 13 कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा कच्ची शराब के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके पर चार भट्टियां नष्ट करने के साथ करीब 10 हजार लीटर लाहन भी नष्ट किया।

 

अभियान के दौरान पुलिस ने दो वारंटियों को गिरफ्तार किया, जबकि 14 संदिग्ध व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 172 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई के लिए हिरासत में लिया। उनसे पूछताछ के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

पुलिस की कार्रवाई में एक संदिग्ध के पास से सात क्यूआर कोड स्कैनर और करीब 12 लाख रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। इनकी बरामदगी के बाद साइबर अपराध से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।

 

ऑपरेशन सफाया की कमान एसपी सिटी रुद्रपुर के पास रही। अभियान में क्षेत्राधिकारी खटीमा, काशीपुर और सितारगंज के पर्यवेक्षण में नानकमत्ता पुलिस के साथ झनकईया, पुलभट्टा और दिनेशपुर थानों की पुलिस, एसओजी, पीएसी, पुलिस लाइन तथा एंटी राइट टीम के जवान शामिल रहे। पुलिस ने अवैध असलहों और शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच की।

 

एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह अभियान चलाकर अवैध असलहों, कच्ची शराब, मादक पदार्थों और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की बात कही है।