रुद्रपुर। परिवार न्यायालय परिसर के बाहर पति-पत्नी के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक महिला ने अपने पति, उसकी कथित महिला मित्र और अन्य लोगों पर मारपीट, गला दबाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
दूधिया नगर निवासी नीतू गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पारिवारिक और दीवानी वाद परिवार न्यायालय में चल रहा है। मंगलवार को सुनवाई के दौरान वह न्यायालय में मौजूद थी। आरोप है कि दोपहर में कोर्ट परिसर के बाहर उसके पति राजकुमार और उसके साथ मौजूद सुमन नामक महिला ने उस पर हमला कर दिया।
पीड़िता के अनुसार, राजकुमार ने उसका गला दबाकर सिर दीवार में मार दिया, जबकि सुमन ने बाल पकड़कर मारपीट की और हाथ की उंगली दांत से काट दी। महिला का आरोप है कि एक अन्य महिला ने भी हमले में सहयोग किया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे वकीलों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया।
घटना में महिला को सिर, हाथ और शरीर पर चोटें आईं। उसका मेडिकल जिला अस्पताल में कराया गया। पीड़िता ने आरोपियों से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



