12 दिन पहले गूंजी थीं शहनाइयां, अब पसरा मातम; सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत, एक का उजड़ा सुहाग तो दूसरा अनाथ छोड़ गया बड़ी बहन को।

सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत, एक की 12 दिन पहले हुई थी शादी

 

गदरपुर। बाईपास मार्ग पर गूलरभोज अंडरपास के पास रविवार शाम कुत्ते से टकराने के बाद अनियंत्रित हुई बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। इनमें एक युवक की शादी महज 12 दिन पहले सात अक्तूबर को हुई थी, जबकि दूसरे युवक के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। हादसे में दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दुर्घटना में बाइक से टकराने वाले कुत्ते की भी मौत हो गई।

 

रविवार शाम करीब पांच बजे काशीपुर के वार्ड नंबर सात निवासी राजकुमार (19) और वार्ड नंबर छह निवासी शिव कुमार उर्फ सतीश (21) नई पल्सर बाइक से रुद्रपुर से काशीपुर की ओर जा रहे थे। गूलरभोज अंडरपास से करीब 50 मीटर आगे अचानक एक कुत्ता बाइक के सामने आ गया। उससे टकराने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क किनारे खड्ड में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

राहगीरों की सूचना पर गदरपुर कोतवाली पुलिस और एनएचएआई की हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों को खड्ड से बाहर निकलवाया। तब तक राजकुमार की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल सतीश को सीएचसी गदरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

 

हादसे की जानकारी मिलने पर कोतवाल भूपेंद्र सिंह बृजवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवकों के पास मिले मोबाइल फोन के माध्यम से परिजनों को सूचना दी। पंचनामा भरने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

 

एक परिवार का इकलौता सहारा था राजकुमार

 

राजकुमार काशीपुर के वार्ड नंबर सात का निवासी था। उसके माता-पिता का निधन हो चुका था। परिवार में उसकी एक बड़ी बहन है। वहीं, शिव कुमार उर्फ सतीश अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी शादी सात अक्तूबर को हुई थी। शादी के महज 12 दिन बाद हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। दोनों दोस्तों की मौत से परिजनों और परिचितों में शोक है।