गदरपुर से कट्टरपंथी गतिविधियों में लिप्त युवक गिरफ्तार, हथियार व विस्फोटक सामग्री भी बरामद
रुद्रपुर। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने देशविरोधी और कट्टरपंथी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधमसिंहनगर के गदरपुर निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद सलाउद्दीन पुत्र अब्दुल मलिक निवासी मजरासीला, गदरपुर के रूप में हुई है।
एसटीएफ को गोपनीय सूचना मिली थी कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और सिग्नल के माध्यम से युवाओं को कट्टरपंथी और जिहादी विचारधारा से प्रभावित करने का प्रयास कर रहा है। पूछताछ और मोबाइल फोन की जांच के दौरान कई संदिग्ध चैट, समूह और राष्ट्रविरोधी सामग्री बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में जिहाद, शहादत और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने से संबंधित संदेश मिलने की बात सामने आई है।
एसटीएफ के अनुसार आरोपी के सोशल मीडिया नेटवर्क के जरिए अंतरराष्ट्रीय और ट्रांस-बॉर्डर कट्टरपंथी तत्वों से संभावित संपर्कों के संकेत भी मिले हैं। जांच में हथियारों, विस्फोटक सामग्री के भंडारण और उनकी आवाजाही से संबंधित संदिग्ध बातचीत भी सामने आई है, जिसकी तकनीकी और फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
देर रात चलाए गए सर्च अभियान के दौरान आरोपी की निशानदेही पर एक अंग्रेजी पिस्तौल, पांच कारतूस, चार डेटोनेटर और एके-47 के दो कारतूस बरामद किए गए। जांच में उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी एक व्यक्ति से भी आरोपी के संपर्क होने की जानकारी मिली है। एसटीएफ ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश में भी दबिश दी है।
पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक पूछताछ और गोपनीय सूचनाओं से संकेत मिले हैं कि पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क द्वारा मलेशिया में बैठे एक कथित हैंडलर के माध्यम से आरोपी का संचालन किया जा रहा था तथा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी की जा रही थी।
आरोपी के खिलाफ धारा 152, 61(2) बीएनएस तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(F) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच जारी है। सभी केंद्रीय और राज्य अभिसूचना एजेंसियों को मामले से अवगत करा दिया गया है।




