रुद्रपुर। प्रीत विहार में मंगलवार शाम एक कमरे में दूसरे समुदाय के युवक के साथ युवती मिलने पर हंगामा हो गया। जानकारी मिलने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान युवक के साथ मारपीट हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और युवक को भीड़ से बचाकर रम्पुरा चौकी ले गई।
जानकारी के अनुसार, प्रीत विहार स्थित एक कमरे में युवक और युवती के बंद होने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। इस पर उन्होंने हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं को बुला लिया। मौके पर पहुंचे लोगों ने कमरे का दरवाजा खुलवाने की मांग की। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई और कमरा खुलवाकर दोनों को बाहर बुलाया। युवक और युवती के मिलने पर कुछ लोग आक्रोशित हो गए और युवक के साथ मारपीट करने लगे। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर उसे भीड़ से बचाया और रम्पुरा चौकी ले गए।
पूछताछ में युवती ने खुद को किच्छा निवासी बताया, जबकि युवक ने अपना नाम नावेद और निवासी भोट रामपुर बताया। हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि युवक कई दिनों से युवती के साथ रह रहा था और उसने पुलिस सत्यापन भी नहीं कराया था। उन्होंने युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीओ विभव सैनी ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
