रुद्रपुर। खटीमा के लोहियाहेड निवासी आठ वर्षीय वीर को गंभीर स्वास्थ्य स्थिति के चलते उच्च स्तरीय उपचार के लिए निशुल्क एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग ने बच्चे को आवश्यक चिकित्सीय स्टाफ के साथ ऋषिकेश भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है।
बताया गया कि बच्चे के माता-पिता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपने बेटे की गंभीर बीमारी की जानकारी दी थी। मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी को बच्चे के उचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम को मामले से अवगत कराया। इसके बाद बिना समय गंवाए बच्चे को उच्च स्तरीय इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बच्चे के लिए निशुल्क वाहन और आवश्यक चिकित्सीय स्टाफ की व्यवस्था की गई। बच्चे को सुरक्षित तरीके से एम्स पहुंचाया गया, जहां उसका निशुल्क उपचार किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बच्चे के इलाज की लगातार निगरानी के निर्देश भी दिए हैं। विभाग की ओर से उपचार की प्रगति पर नजर रखी जा रही है, ताकि जरूरत के अनुसार आगे की चिकित्सीय व्यवस्था की जा सके।
