काशीपुर। धनौरी पट्टी में सड़क किनारे 19 वर्षीय युवती का शव मिलने के बाद सामने आए ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी पुलिस ने महज 72 घंटे में सुलझा ली। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, सीडीआर और पूछताछ के जरिए पुलिस ने डंपर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंपर, लोहे का हुक, मृतका का मोबाइल, बैग और अन्य सामान बरामद किया गया है।
20 अगस्त की सुबह रामनगर रोड पर धनौरी पट्टी के पास युवती का शव सड़क किनारे पड़ा मिला था। सिर पर गहरी चोट के निशान थे। मामला हत्या का होने की आशंका पर पुलिस ने जांच शुरू की। एसएसपी अजय गणपति ने स्वयं मामले का संज्ञान लेते हुए काशीपुर पुलिस को जल्द खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों ने मृतका के घर से घटनास्थल तक के संभावित रास्तों की सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू की।
पुलिस ने करीब 200 से 250 कैमरों की फुटेज देखी। इसमें घटना के समय चैती मेला रोड से चीमा चौराहा, रामनगर रोड, केलामोड़ होते हुए ओंकार स्टोन क्रेशर की ओर जाता डंपर संदिग्ध नजर आया। इसके बाद डंपर संख्या UK15CA-1437 को चिन्हित कर वाहन स्वामी से पूछताछ की गई। पता चला कि घटना के दिन डंपर राजू चला रहा था और उसके साथ सुमित मौजूद था।
जांच में मृतका के मोबाइल की गतिविधियां भी अहम साबित हुईं। पुलिस के अनुसार, युवती ने सुबह करीब 4:35 बजे चैती रोड से चीमा चौराहा जाने के लिए रैपिडो बुक की थी, जिसे 4:38 बजे कैंसिल कर दिया गया। बाद में उसका मोबाइल गुलजारपुर क्षेत्र में डंपर चालक को सड़क पर पड़ा मिला। मोबाइल फ्लाइट मोड में था। सीडीआर और लोकेशन के विश्लेषण से पुलिस ने घटनाक्रम की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चैती मैदान के पास युवती ने डंपर रुकवाया और उसमें बैठ गई। आगे एकांत स्थान पर राजू ने उसके साथ जबरदस्ती का प्रयास किया। विरोध करने और पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर युवती ने उसके हाथ में दांत काट लिया। आरोप है कि इसके बाद राजू ने लोहे के हुक से उसके सिर पर कई वार कर दिए। मौत के बाद दोनों ने शव सड़क किनारे फेंक दिया और क्रेशर की ओर चले गए।
पुलिस के अनुसार, जांच भटकाने के लिए आरोपियों ने मृतका का मोबाइल रास्ते में छोड़ दिया था। लेकिन सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों ने उनकी पूरी साजिश खोल दी। 23 अगस्त को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर डंपर से आला कत्ल और मृतका का बैग बरामद हुआ। बैग में आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड मिले। घटना के समय पहने कपड़े भी बरामद किए गए।




