हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर माहौल गर्माने लगा है। शनिवार को एक प्रत्याशी की समर्थक छात्रा से कथित अभद्रता के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट और हंगामा शुरू हो गया। सूचना पर कोतवाली और चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने जमीन पर लाठियां फटकारीं और हंगामा कर रहे कुछ युवकों को हिरासत में लिया।
पीड़ित छात्र के अनुसार शनिवार को उसकी हेल्पडेस्क पर कुछ समर्थक छात्राएं बैठी थीं। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ युवक वहां पहुंचे और एक छात्रा से कथित छेड़छाड़ करने लगे। छात्रा ने फोन कर उसे मौके पर बुलाया। आरोप है कि उसके पहुंचते ही युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विवाद बढ़ता देख छात्र प्राचार्य को लिखित शिकायत देने के लिए जाने लगा, लेकिन आरोपियों ने रास्ते में उसे रोक लिया। छात्र का आरोप है कि युवकों ने एकत्र होकर उसके साथ मारपीट की। किसी तरह वह वहां से बचकर निकला। घटना की जानकारी मिलते ही उसके समर्थक भी कॉलेज पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा और मारपीट हुई।
कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कराया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने लाठियां फटकारकर भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने हंगामा करने वाले कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। वहीं पीड़ित छात्रा ने हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ ही छात्रों के मोबाइल से मिली वीडियो रिकॉर्डिंग की भी जांच की जा रही है। मारपीट में शामिल लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ चल रही है। जांच के आधार पर जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी।




