विवाहिता का फंदे से लटका मिला शव, मायके पक्ष ने पति पर लगाया हत्या का आरोप, सुबह पति-पत्नी में हुआ था विवाद, कमरे में फंदे से लटका मिला शव; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच शुरू

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की नई बस्ती शिमला पिस्तौर में बृहस्पतिवार को एक विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के मायके पक्ष ने पति पर विवाद के बाद उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार मूल रूप से ग्राम प्यास कल्याणपुर, जहानाबाद निवासी अशोक कुमार ने वर्ष 2024 में वर्षा से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद दोनों नई बस्ती शिमला पिस्तौर में किराये के कमरे में रह रहे थे। अशोक सिडकुल स्थित एक कंपनी में काम करता है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।

 

बताया गया कि बृहस्पतिवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके कुछ देर बाद वर्षा कमरे के अंदर चली गई। काफी समय तक बाहर नहीं आने पर पति ने कमरे में जाकर देखा तो वह छत के सरिये के सहारे फंदे से लटकी मिली। घटना की सूचना तत्काल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई।

 

सूचना पर कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों द्वारा मौत की पुष्टि के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।

 

उधर, मायके पक्ष ने घटना पर सवाल खड़े करते हुए पति पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार मौत के बाद अशोक ने वर्षा के भाई अमित को फोन कर केवल इतना बताया कि जल्दी घर आ जाओ, तुम्हारी बहन की मौत हो गई है। सूचना मिलने पर अमित और अन्य परिजन बहेड़ी से रुद्रपुर पहुंचे।

 

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *