खटीमा पुलिस का बड़ा खुलासा: दो बालकों से शुरू हुई पूछताछ में 8 चोरी की बाइक बरामद

Share the news

खटीमा पुलिस का बड़ा खुलासा: दो बालकों से शुरू हुई पूछताछ में 8 चोरी की बाइक बरामद

खटीमा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली खटीमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ संरक्षण में लेकर उनकी निशानदेही पर सात अन्य चोरी की बाइक बरामद की हैं। कुल आठ मोटरसाइकिल बरामद होने से वाहन चोरी के मामलों के खुलासे की उम्मीद बढ़ी है।

 

पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त को चौकी झनकट पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो बालकों को मोटरसाइकिल संख्या UP23AE1186 के साथ रोका गया। जांच में बाइक खटीमा कोतवाली के चोरी के मुकदमे से संबंधित पाई गई। पूछताछ में बालकों ने अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें ओकलैण्ड होटल से करीब 500 मीटर आगे आम की बगिया में झाड़ियों के बीच छिपाने की जानकारी दी।

 

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निशानदेही पर सात अन्य बाइक बरामद कर लीं। पुलिस के मुताबिक कई वाहनों की नंबर प्लेट हटाकर या तोड़कर पहचान छिपाने का प्रयास किया गया था। बरामद वाहनों के संबंध में संबंधित थानों और वाहन स्वामियों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अन्य वाहन चोरी की घटनाओं से भी इनके संबंध की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *