ट्रांजिट कैंप पुलिस ने तमंचे और कारतूस के साथ युवक को दबोचा

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ट्रांजिट कैंप पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक कीर्ति भट्ट पुलिस टीम के साथ 11/12 अगस्त की रात संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सिडकुल रोड स्थित प्रबल टाउन की निर्माणाधीन कॉलोनी के पास एक युवक पुलिस वाहन को देखकर अचानक मुड़कर तेज कदमों से विपरीत दिशा में जाने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम विमल गुप्ता (28) निवासी दुर्गा विहार कॉलोनी, तीन पानी डैम, ट्रांजिट कैंप बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपी हथियार का लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ट्रांजिट कैंप में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।




