रुद्रपुर। काशीपुर रोड पर सड़क हादसे के बाद मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में भाजपा नेता के भाई समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गांधी कॉलोनी वार्ड नंबर-27 निवासी अंकित की ओर से कोतवाली रुद्रपुर में दी गई तहरीर के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
तहरीर के मुताबिक सात अगस्त की रात करीब 10 बजे अंकित का भाई अभिषेक और बुआ का बेटा जतिन स्कूटी से काशीपुर रोड से घर लौट रहे थे। आरोप है कि एलायंस गेट से करीब 50 मीटर आगे फ्लाईओवर पर पीछे से स्कॉर्पियो संख्या UK06 BR-0018 ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक सन्नी चुघ ने मौके पर रुकने के बाद जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद उसने अपने भाई पारस चुघ को फोन कर मौके पर बुलाया। तहरीर के अनुसार पारस चुघ करीब 10-12 युवकों के साथ वहां पहुंचा और घायल जतिन पर लोहे की रॉड से हमला किया। राहगीरों के हस्तक्षेप की कोशिश करने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने मयंक और अंकित को घटना का चश्मदीद बताया है।
तहरीर में कुछ दिन पहले हुई कहासुनी को हमले की वजह बताते हुए पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम देने की आशंका जताई गई है। हादसे में घायल अभिषेक की हालत गंभीर बताई गई है और वह बरेली के राममूर्ति अस्पताल के वेंटिलेटर आईसीयू में भर्ती है। वहीं जतिन का गौतम अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत भी नाजुक बताई गई है।
पुलिस ने मामले में भाजपा नेता के भाई समेत 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के चश्मदीदों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।



