रुद्रपुर। काशीपुर फ्लाईओवर के पास स्कूटी सवार दो युवकों पर रॉड से हमला करने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद रविवार तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर परिजनों और वाल्मीकि समाज के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक गिरफ्तारी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
धरने की सूचना पर विधायक शिव अरोरा और कांग्रेस के नेता भी कोतवाली पहुंचे। विधायक ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस से कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
वहीं, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी धरने पर बैठ गए। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के कुछ लोग गुंडागर्दी कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस पर भी अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। ठुकराल ने कहा कि पीड़ितों को न्याय मिलने तक वह उनके साथ खड़े रहेंगे।
मामले में भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ, उसके भाई सन्नी समेत करीब एक दर्जन अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि पुरानी रंजिश में अभिषेक वाल्मीकि और उसके दोस्त जतिन पर रॉड से हमला किया गया था। दोनों का उपचार चल रहा है।
धरने के दौरान मेयर विकास शर्मा भी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज के साथ अन्याय हुआ तो वह समाज के साथ खड़े रहेंगे और जरूरत पड़ी तो इस्तीफा देने को भी तैयार हैं। इसी बीच मोहन खेड़ा की टिप्पणी पर मेयर और उनके बीच तीखी नोकझोंक हो गई। खेड़ा ने आरोप लगाया कि मेयर अपने नेताओं को बचा रहे हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को शांत कराया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




