खड़गे ने हल्द्वानी से फूंका 2027 का चुनावी बिगुल, भाजपा पर जमकर बरसे
सब हेडलाइन:
भ्रष्टाचारियों को भाजपा में शामिल कर क्लीन चिट देने का लगाया आरोप, बोले- कांग्रेस सरकार बनी तो बिना सिफारिश और भ्रष्टाचार के मिलेगी नौकरी
हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित कर उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा-आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। खड़गे ने कहा कि जिन नेताओं पर भाजपा पहले भ्रष्टाचार के आरोप लगाती है, उनके पार्टी में शामिल होते ही उन्हें क्लीन चिट मिल जाती है। उन्होंने इसे भाजपा की ‘वॉशिंग मशीन’ वाली राजनीति करार दिया।
खड़गे ने अपने संबोधन की शुरुआत देवभूमि और वीरों की भूमि को नमन करते हुए की। उन्होंने कुमाऊं और गढ़वाल रेजिमेंट के पराक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोगों को देश की रक्षा में योगदान पर गर्व है। उन्होंने मेजर सोमनाथ शर्मा और कुमाऊं रेजिमेंट का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की रक्षा करने वालों की इस भूमि के लोग किसी के सामने झुकने वाले नहीं हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं को लेकर भी केंद्र और राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि देश में लाखों पद खाली पड़े हैं, जबकि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और भर्ती घोटालों का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि नौकरियां पैसे और सिफारिश से नहीं, बल्कि मेरिट के आधार पर मिलनी चाहिए।
खड़गे ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो युवाओं को बिना भ्रष्टाचार और सिफारिश के रोजगार देने की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। शिक्षा व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि डिग्रियां तो मिल रही हैं, लेकिन युवाओं के हाथ में जरूरी हुनर नहीं है। उन्होंने केंद्र की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि रोजगार पैदा करने के बजाय कुछ बड़े उद्योग समूहों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।
खड़गे ने भाजपा और आरएसएस पर स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान नहीं देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस की कुर्बानियां गिनाईं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर 2027 के लिए संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच भाजपा सरकार की नीतियों को उजागर करने का आह्वान किया। साथ ही अपने 58 साल के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वह संगठन में निचले स्तर से राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद तक पहुंचे हैं।



