कलेक्ट्रेट में शहीद ऊधम सिंह की कांस्य प्रतिमा का अनावरण, सीएम धामी ने दी पार्किंग परियोजनाओं की सौगात, 40 लाख की लागत से बनी 9 फीट ऊंची प्रतिमा का किया लोकार्पण, 3.85 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन

Share the news

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को शहीद ऊधम सिंह की पुण्यतिथि पर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित 9 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। करीब 40 लाख रुपये की लागत से स्थापित प्रतिमा पर उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीद को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन राष्ट्रभक्ति, आत्मसम्मान और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक है। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जिले को कई विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। उन्होंने 1.20 करोड़ रुपये की लागत से कलेक्ट्रेट परिसर में तैयार पार्किंग, लैंडस्केपिंग और ड्रेन निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इसके अलावा कैनाल कॉलोनी में 2.64 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सरफेस पार्किंग का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से पार्किंग व्यवस्था बेहतर होगी, यातायात सुगम बनेगा और आम लोगों को सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक आधारभूत ढांचे के विकास के साथ जनसुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम कर रही है। सभी विकास कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा रहे हैं ताकि जनता को उनका सीधा लाभ मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से पंजाब में रह रहे शहीद ऊधम सिंह के परिजनों से संवाद किया और उनके बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उत्तराखंड हमेशा उनके साहस और देशभक्ति को याद रखेगा। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में रुद्राक्ष का पौधा भी लगाया।

कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर विकास शर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति समेत जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *