सीएम को काले झंडे दिखाने दौड़ीं शिल्पी अरोरा, पुलिस ने घेरकर रोका”

Share the news

गदरपुर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दौरे के दौरान उस समय कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई, जब महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोरा ने अंकित भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक लिया और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री नवीन अनाज मंडी से कंबोज धर्मशाला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शिल्पी अरोरा अपने समर्थकों के साथ विरोध प्रदर्शन करते हुए मौके पर पहुंचीं। उनके हाथों में काले झंडे थे और वे अंकित भंडारी हत्याकांड की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराने की मांग कर रही थीं। जैसे ही उन्होंने मुख्यमंत्री के काफिले की ओर बढ़ने का प्रयास किया, पहले से तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें घेर लिया और काफी मशक्कत के बाद काबू में कर लिया।

इस दौरान कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री के काफिले से दूर कर स्थिति सामान्य बनाए रखी। शिल्पी अरोरा ने आरोप लगाया कि सरकार अंकित भंडारी प्रकरण में सच्चाई सामने लाने से बच रही है और मामले की सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर किसी भी व्यक्ति को निर्धारित सुरक्षा घेरे के भीतर जाने की अनुमति नहीं दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *