मौत का तांडव: अंतिम संस्कार से लौट रही गाड़ी खाई में गिरी, 8 की मौत, बेटा भी बना शिकार, 2 घायल, गांवों में पसरा मातम

Share the news

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। चंबा क्षेत्र के नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर सवारियों से भरा एक यूटिलिटी वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 2 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग हरिद्वार से अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। मृतकों में प्रेम लाल (60) भी शामिल हैं, जो अपने पिता संपत लाल के अंतिम संस्कार के बाद लौट रहे थे। दुखद संयोग यह रहा कि इस हादसे में प्रेम लाल की भी जान चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही State Disaster Response Force (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई में गिरे वाहन से दो घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों घायलों को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है।

आपदा प्रबंधन अधिकारी ब्रजेश भट्ट ने बताया कि वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। वहीं, एसडीएम घनसाली अल्केश नौडियाल के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे आगराखाल के पास भोजन करने के बाद वाहन नैल गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सभी मृतक घनसाली क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी की। डीएम ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतकों की पहचान:

आशा लाल (40), विजय लाल (36), प्रेम लाल (60), महावीर (60), शिव सिंह (35), सेहत लाल (65), लक्ष्मण (33) और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *